हमारे बारे में (About Us)
मध्य विद्यालय आसनपाठ की स्थापना वर्ष 1910 में हुई। यह एक सह-शैक्षिक (Co-Educational) हिंदी माध्यम सरकारी विद्यालय है, जो पूर्णतः ग्रामीण परिवेश में स्थित है। यह विद्यालय जिला मुख्यालय चाईबासा से लगभग 65 किमी दक्षिण तथा प्रखंड मुख्यालय मझगांव से लगभग 20 किमी उत्तर-पश्चिम दिशा में, मझगांव–जैतगढ़ मुख्य पथ से लगभग 4 किमी उत्तर की ओर उबड़-खाबड़ मार्ग पर अवस्थित है। गाँव के अधिकांश लोगों की आजीविका खेती, दैनिक मजदूरी तथा पशुपालन पर आधारित है। यहाँ पलायन, गरीबी और अशिक्षा जैसी सामाजिक चुनौतियाँ भी रही हैं। गाँव के कुछ सम्पन्न परिवार अपने बच्चों को चाईबासा या अन्य शहरों के विद्यालयों में पढ़ाते हैं, जिसके कारण स्थानीय विद्यालय के प्रति उनका सहयोग अपेक्षाकृत कम रहता है। इन चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय ने उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, नवाचारों तथा शांत और अनुकूल शैक्षिक वातावरण के निर्माण के माध्यम से निरंतर प्रगति की है। स्थापना के बाद अनेक उतार-चढ़ावों का सामना करते हुए आज यह विद्यालय एक स्वस्थ और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण में ग्रामीण बच्चों को शिक्षा की ज्योति प्रदान कर रहा है। हमारा उद्देश्य विद्यालय के पोषक क्षेत्र के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा उन्हें सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में समाज के जिम्मेदार, उत्पादक और जागरूक नागरिक बन सकें। विद्यालय बच्चों को भाषायी दक्षता, आधुनिक शिक्षण तकनीक, वित्तीय साक्षरता, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, मानवीय मूल्यों तथा कौशल-आधारित जीविकोपार्जन क्षमता से सशक्त बनाने का प्रयास करता है। साथ ही विद्यार्थियों में आत्मचिंतन (Metacognitive) क्षमता के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। वर्ष 2017 में स्थानांतरण के फलस्वरूप विद्यालय में पदस्थापित विज्ञान शिक्षक श्री विमल किशोर बोयपाई के नेतृत्व, कुशल प्रबंधन तथा नवाचारों के परिणामस्वरूप कम समय में ही विद्यालय ने सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक प्रभाव डाला है। विद्यालय के शिक्षक विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि “जीवन के लिए सीखने” (Learning for Life) की भावना के साथ शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियाँ सुव्यवस्थित एवं योजनाबद्ध हैं। मार्च 2026 में विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का निर्माण किया गया, ताकि विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों तथा महत्वपूर्ण जानकारियों को अभिभावकों, विद्यार्थियों और समाज तक आसानी से पहुँचाया जा सके। मध्य विद्यालय आसनपाठ में JCERT की पुस्तकों तथा JAC, Ranchi के पाठ्यक्रम का अनुसरण किया जाता है। हमारा पाठ्यक्रम एक समग्र शिक्षण-अधिगम कार्यक्रम पर आधारित है, जिसमें शिक्षा के उद्देश्य, पाठ्यक्रम, शिक्षण सामग्री, शिक्षण पद्धतियाँ तथा मूल्यांकन शामिल हैं। हम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में विश्वास रखते हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में शैक्षणिक (Scholastic) तथा सह-शैक्षणिक (Co-Scholastic) गतिविधियों के लिए एक व्यापक योजना का पालन किया जाता है। निरंतर प्रगति के साथ विद्यालय ने उल्लेखनीय विकास किया है और आज यह प्रखंड सहित पश्चिमी सिंहभूम जिले में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।
