मध्य विद्यालय आसनपाठ में आयोजित PTM (अभिभावक-शिक्षक बैठक) दिनांक 25 मार्च 2026 बच्चों के सर्वांगीण विकास की एक सशक्त कड़ी सिद्ध हुई। यह मंच अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सार्थक संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों की प्रगति को नई दिशा प्रदान करता है।
हमें गर्व है कि हमारे विद्यालय के विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों में , निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हमारे दो छात्रों ने मेडल प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं, जनवरी 2026 में रांची में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में विज्ञान शिक्षक विमल किशोर बोयपाई द्वारा प्रस्तुत केस स्टडी की सराहना हुई, जो आसनपाठ विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।
इसके अतिरिक्त JCERT रांची के ई-कंटेंट निर्माण कार्यशाला तथा XALL Teacher Meet 2025 (संत जेवियर्स उच्च विद्यालय, लुपुंगुटु, चाईबासा) में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा हेतु सम्मान प्राप्त हुआ।
जिला स्तरीय विज्ञान सह सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में हमारे विद्यालय के मॉडल को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ, जो विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं विज्ञान शिक्षक के मार्गदर्शन का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विद्यालय के वार्षिक खेलकूद दिवस में बतौर मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद श्रीमती जोबा मांझी एवं मझगांव के विधायक श्री निरल पुरती की गरिमामय उपस्थिति एवं प्रेरणादायी आशीर्वचनों ने समस्त विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा का संचार किया।
दिनांक 24 मार्च 2026 (विश्व यक्ष्मा दिवस) के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यालय में ,विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम (SHWP)को प्रत्येक मंगलवार सफलतापूर्वक संचालित करने हेतु “आरोग्य दूत सम्मान” (पिछले वर्ष भी)मुझे एवं प्रभारी अजय कुमार जी को प्रदान किया गया—यह हमारे लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण रहा।
साथ ही, विद्यालय में शिक्षकों की संख्या में वृद्धि हुई है। पूर्व में दो शिक्षकों से संचालित विद्यालय को नवंबर 2025 में सामाजिक विज्ञान (कक्षा 6–8) हेतु पंकज कुमार रजक, सहायक आचार्य की नियुक्ति प्राप्त हुई। अब हमारे विद्यालय में कुल तीन शिक्षक विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में समर्पित हैं।
आज PTM के मंच पर विद्यार्थियों ने अपने आत्मविश्वास, अनुशासन एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चाईबासा के अतिथियों तथा अपने अभिभावकों के समक्ष अपनी क्षमता का परिचय दिया और सभी का दिल जीत लिया।
यह सभी उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि जब शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी एक साथ मिलकर प्रयास करते हैं, तो सफलता निश्चित प्राप्त होती है।
” सम्मान, समर्पण, नवाचार और विश्वास की पहचान,”
हर बच्चे में दिखता है उज्ज्वल भविष्य का अरमान।
PTM के इस मंच पर जुड़ा हर दिल एक साथ,
शिक्षा से रोशन हो रहा है हमारा सूदूरवर्ती ग्रामीण स्कूल आसनपाठ।।

